10 जून से झारखंड टी20 लीग का आगाज, उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे धोनी (Image Source: IANS)
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर 10 जून से रांची स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर में 'झारखंड टी20 क्रिकेट लीग' का आगाज होगा। बीसीसीआई की गाइडलाइन के अनुसार, यह आयोजन झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से कराया जा रहा है।
6 फ्रेंचाइजी टीमों के बीच इस टूर्नामेंट में कुल 27 मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उद्घाटन समारोह को यादगार बनाने के लिए विश्व कप विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने बताया कि धोनी ने समारोह में शामिल होने के लिए अपनी सहमति दे दी है। उद्घाटन समारोह लीग के शुरुआती मुकाबले के समापन के बाद आयोजित होगा। इस अवसर पर बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर भी अपनी प्रस्तुति देंगी।