दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान जोहान बोथा ने क्वींसलैंड और ब्रिस्बेन हीट के साथ बतौर कोच अपना कार्यकाल समय से पहले ही समाप्त कर दिया है। उन्होंने अपने कॉन्ट्रैक्ट में एक सीजन बाकी होने के बावजूद दोनों कोचिंग पदों से इस्तीफा दे दिया है।
क्वींसलैंड क्रिकेट की तरफ से जारी बयान में कहा गया, "ब्रिस्बेन हीट और क्वींसलैंड बुल्स के कोच जोहान बोथा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।"
क्वींसलैंड क्रिकेट के चीफ एग्जीक्यूटिव टेरी स्वेनसन ने कहा, "हमने उस समय में अपने सभी ऑन-फील्ड गोल हासिल नहीं किए हैं, लेकिन जोहान ने क्वींसलैंड और ब्रिस्बेन हीट के खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी के विकास में मजबूत योगदान दिया है। हमारे हाई परफॉर्मेंस ग्रुप में जोहान के योगदान को महत्व दिया गया है। हम उन्हें और उनके परिवार को भविष्य में हर सफलता की कामना करते हैं और शेफील्ड शील्ड, वन डे कप और बीबीएल प्रतियोगिताओं में उनके प्रयासों के लिए उन्हें धन्यवाद देते हैं।"