John Turner Retirement: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जॉन टर्नर ने मात्र 25 साल की उम्र में पेशेवर क्रिकेट को अलविदा कह दिया। इतनी कम उम्र में टर्नर के संन्यास ने दुनियाभर के क्रिकेट फैंस और आलोचकों को चौंका दिया है। हैम्पशायर के तेज गेंदबाज टर्नर ने 2024 में इंग्लैंड के लिए चार इंटरनेशनल मैच खेले थे। इसमें 2 वनडे और 2 टी20 मुकाबले शामिल हैं।
जॉन टर्नर ने पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण पिछले जून से क्रिकेट नहीं खेला। लगातार इंजरी की वजह से ही उन्होंने क्रिकेट से संन्यास का फैसला लिया है।
टर्नर ने एक बयान में कहा, "पेशेवर और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना हमेशा से मेरा सपना था। हैम्पशायर और इंग्लैंड के लिए ऐसा करना मेरे बचपन के उन्हीं सपनों को जीने जैसा है। लेकिन, मैंने रिटायर होने का फैसला किया है। यह मेरे लिए सबसे मुश्किल फैसलों में से एक रहा है। स्ट्रेस फ्रैक्चर, जिसने मुझे एक साल से ज्यादा समय तक बाहर रखा। मेरी इंजरी ने मुझे एक क्रिकेटर के तौर पर और गेम से दूर अपने भविष्य के बारे में सोचने पर मजबूर किया। मैंने तय किया है कि अब अपनी अगली चुनौती का सामना करने का सही समय है।"