इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने भारत के खिलाफ मंगलवार को एजबेस्टन वनडे में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस उपलब्धि को हासिल करते हुए बटलर ने पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन के क्लब में जगह बना ली है और ऐसा करने वाले वे इंग्लैंड के सिर्फ दूसरे क्रिकेटर हैं।
दरअसल, भारत के खिलाफ पहला वनडे मुकाबला जोस बटलर के वनडे करियर का 200वां मैच है। वह वनडे फॉर्मेट में इंग्लैंड के लिए 200 मैच खेलने वाले सिर्फ दूसरे क्रिकेटर हैं। बटलर से पहले पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन ही एकमात्र ऐसे क्रिकेटर रहे हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के लिए 200 वनडे या उससे अधिक खेले हैं। मॉर्गन ने इंग्लैंड के लिए 225 वनडे खेले हैं। वनडे विश्व कप 2027 को लक्ष्य बनाकर खेल रहे बटलर मॉर्गन के सर्वाधिक वनडे के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं और भविष्य में इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक वनडे खेलने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं।
जोस बटलर के लिए खास यह रहा कि उन्हें 200वां वनडे कैप इयोन मॉर्गन ने ही दिया।