ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच डार्विन में खेले जा रहे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने एक खास उपलब्धि अपने नाम की है। हेजलवुड ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 300 विकेट पूरे कर लिए हैं।
हेजलवुड ने बांग्लादेश की पहली पारी में 28 ओवर में 89 रन देकर 6 विकेट लिए। इस दौरान 5वां विकेट लेते ही उनके 300 टेस्ट विकेट पूरे कर लिए। टेस्ट क्रिकेट में यह 14वां मौका था, जब हेजलवुड ने एक पारी में 5 या उससे अधिक विकेट लिए। हेजलवुड के अब 77 मैचों की 144 पारियों में 301 विकेट हो गए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 61 रन देकर 6 विकेट है।
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हेजलवुड 300 टेस्ट विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलिया के नौवें गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले शेन वॉर्न (708), नाथन लियोन (568), ग्लेन मैक्ग्रा (563), मिचेल स्टार्क (435), डेनिस लिली (355), पैट कमिंस (316), मिचेल जॉनसन (313), और ब्रेट ली (310) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। फिलहाल, हेजलवुड के साथ मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस ही सक्रिय हैं। तीनों डार्विन टेस्ट और ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम का अहम हिस्सा हैं।