इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग पैर की उंगली में चोट लगने के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड ने अभी तक टंग की जगह किसी और खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं किया है। तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 13 नवंबर को पर्थ स्टेडियम में खेला जाएगा।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, "पैर की उंगली में चोट के कारण जोश टंग ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड की पुरुष 'व्हाइट-बॉल' सीरीज से बाहर हो गए हैं। वह आगे की जांच के लिए यूके लौटेंगे।"
टंग के बाहर होने से इंग्लैंड के पास एक तेज गेंदबाज कम हो गया है। अब कप्तान हैरी ब्रूक के पास तेज गेंदबाजी के मुख्य विकल्पों के रूप में जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, सोनी बेकर, हेनरी क्रोकॉम्ब और जेमी ओवरटन मौजूद हैं।