वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज केमार रोच ने श्रीलंका के खिलाफ मैच के दौरान टेस्ट में 300 विकेट के आंकड़े को छुआ। क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उन्हें औपचारिक रूप से सम्मानित करने का फैसला लिया है।
वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच मंगलवार को केंसिंग्टन ओवल में वनडे सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला खेला जाएगा, जिसके इनिंग्स ब्रेक के दौरान यह कार्यक्रम होगा, जिसमें रोच की उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए सीडब्ल्यूआई के साथ बारबाडोस सरकार और बारबाडोस क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
रोच हाल ही में वेस्टइंडीज के पांचवें और बारबाडोस के दूसरे ऐसे खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने टेस्ट में 300 विकेट का खास मुकाम हासिल किया है। यह उपलब्धि हासिल करते हुए केमार रोच उन कैरेबियाई महान गेंदबाजों के खास क्लब में शामिल हो गए, जिसमें कर्टनी वॉल्श (519), सर कर्टली एम्ब्रोस (405), मैल्कम मार्शल (376) और लांस गिब्स (305) शामिल हैं।