यूएई के एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष खालिद अल जारूनी को एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) की सालाना आम बैठक में सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुना गया। एसीसी ने रविवार को इसकी पुष्टि की। महाद्वीपीय संस्था ने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) को अपने फुल मेंबर बोर्ड में शामिल करने को भी मंजूरी दी।
यह बैठक शनिवार को हुई, जिसमें एसीसी ने गवर्नेंस से जुड़े अहम मामलों, जैसे एसीसी एग्जीक्यूटिव बोर्ड के चुनाव, एसीसी प्रेसिडेंसी की रोटेशन पॉलिसी और अलग-अलग एसीसी कमेटियों के गठन पर चर्चा की गई।
संस्था ने 2026-2028 के लिए एसीसी एग्जीक्यूटिव बोर्ड में नॉन-टेस्ट-प्लेइंग देशों और एसोसिएट सदस्यों के प्रतिनिधियों के चुनाव की भी पुष्टि की। इसने नॉन-टेस्ट-प्लेइंग देशों से कतर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष शेख अब्दुलअजीज बिन सऊद अल थानी और सिंगापुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष महमूद गजनवी की नियुक्ति की पुष्टि की। एसीसी ने एग्जीक्यूटिव बोर्ड में कार्यकाल साझा करने के लिए मालदीव क्रिकेट बोर्ड से मोहम्मद फैसल और बहरीन क्रिकेट फेडरेशन से मोहम्मद मंसूर को भी शामिल किया।