कृष्णप्पा गौतम ने एक गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर भारतीय क्रिकेट में पहचान बनाई थी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्हें मौके न के बराबर मिले, लेकिन घरेलू क्रिकेट और आईपीएल के माध्यम से उन्होंने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया।
37 साल के होने जा रहे कृष्णप्पा गौतम का जन्म 20 अक्टूबर 1988 को बेंगलुरु, कर्नाटक में हुआ था। वह दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर और दाएं हाथ के निचले क्रम के आक्रामक बल्लेबाज रहे हैं।
कर्नाटक के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले गौतम ने 2012 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया था। लिस्ट ए में 2017 में और टी20 में 2011 में कर्नाटक के लिए उनका डेब्यू हुआ था। लंबे समय तक घरेलू क्रिकेट में सक्रिय रहने और बेहतर प्रदर्शन करने के बाद गौतम को श्रीलंका के खिलाफ वनडे से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिला। 23 जुलाई 2021 को श्रीलंका के खिलाफ खेला गया यह मैच डेब्यू के साथ ही गौतम का आखिरी मैच भी साबित हुआ। उन्हें इसके बाद कभी टीम इंडिया में मौका नहीं मिला। इस मैच में उन्होंने 2 रन बनाने के साथ ही 1 विकेट लिया था।