आईपीएल 2022 से दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे भारतीय टीम के बाएं हाथ के दिग्गज स्पिनर कुलदीप यादव लीग के अगले सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। डीसी और एलएसजी के बीच ट्रेड के तहत ऋषभ पंत एलएसजी से डीसी, जबकि कुलदीप डीसी से एलएसजी गए हैं। कुलदीप के डीसी से अलग होने के बाद टीम के सहमालिक पार्थ जिंदल ने उनके लिए एक भावनात्मक संदेश लिखा है।
जिंदल ने सोशल मीडिया पर लिखा, "प्रिय कुलदीप, दिल्ली कैपिटल्स में पिछले पांच सालों में आपकी सेवा के लिए धन्यवाद। आप हमारी टीम का अहम हिस्सा रहे हैं, और आपकी बहुत याद आएगी। अच्छा करें, आप एक चैंपियन खिलाड़ी हैं, और मुझे यकीन है कि अपने होम ग्राउंड पर आप बहुत अच्छा करेंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "ऋषभ — किरण और मैं दोनों आपको डीसी में वापस पाकर खुश हैं। उम्मीद है कि आप दिल्ली में अपने घर पर अपना सबसे अच्छा फॉर्म हासिल करेंगे।"