भारत के पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर वेंकटापति राजू ने लेग स्पिनर कुलदीप यादव को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिलने से हैरान हैं। यह सीरीज न्यूजीलैंड ने 3-2 से अपने नाम की थी। राजू ने टीम मैनेजमेंट से अपील की है कि अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप से पहले कुलदीप को ज्यादा मैच खेलने का मौका दिया जाए।
मौजूदा टीम मैनेजमेंट के तहत पिछले 24 महीनों में भारत ने सेना (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) देशों में 35 मैच खेले हैं, जिनमें से कुलदीप सिर्फ 3 मुकाबलों में ही खेले।
बुधवार से शुरू होने वाली भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से पहले सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क की तरफ से आयोजित एक वर्चुअल बातचीत में राजू ने आईएएनएस से कहा, "यह हैरान करने वाली बात है। हम सभी पूर्व क्रिकेटर हैं जो यहां बैठते हैं, कमेंट्री करते हैं और आपस में चर्चा करते हैं। जब आप कुलदीप को टीम में शामिल करते हैं तो फिर उसे खिलाते क्यों नहीं? हम सभी जानते हैं कि व्हाइट-बॉल क्रिकेट में रिस्ट-स्पिनर कितने अहम होते हैं, है ना? ऐसे में, जब वह तीनों फॉर्मेट की टीम में है लेकिन बेंच पर बैठा रहता है तो यह काफी हैरानी की बात है या तो आप उसे घरेलू क्रिकेट खेलने दें, क्योंकि कोई भी स्पिनर हो – चाहे वह रिस्ट-स्पिनर हो या बाएं हाथ का स्पिनर – वह जितने ज्यादा मैच खेलेगा, उसका अपनी गेंदबाजी पर उतना ही बेहतर कंट्रोल होगा।"