लंकाशायर विमेन में 2026 सीजन के बाद बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। टीम की 7 खिलाड़ी क्लब छोड़ने जा रही हैं। इनमें इंग्लैंड की अनुभवी तेज गेंदबाज केट क्रॉस और ऑलराउंडर फी मॉरिस भी शामिल हैं, जो मौजूदा अनुबंध खत्म होने के बाद क्रिकेट से संन्यास ले लेंगी।
इसके अलावा सेरेन स्मेल, हन्ना जोन्स, लिव बेल, एलिस क्लार्क और डैनी कॉलिन्स भी अपने-अपने अनुबंध समाप्त होने के बाद क्लब से अलग हो जाएंगी। इन खिलाड़ियों के जाने के साथ ही लंकाशायर के लिए कई यादगार करियर का एक अध्याय भी समाप्त हो जाएगा।
केट क्रॉस 'रेड रोज' (लंकाशायर टीम) का प्रतिनिधित्व करने वाली सबसे कामयाब खिलाड़ियों में से एक के तौर पर विदा ले रही हैं। उन्होंने लंकाशायर के लिए एमेच्योर और प्रोफेशनल दोनों दौर में खेला है; क्लब के लिए 200 से ज्यादा मैच खेले हैं और 244 विकेट लिए हैं। इंग्लैंड के साथ अपने इंटरनेशनल करियर में उन्होंने 102 मैच खेले और 140 विकेट लिए, साथ ही 2024 में नेशनल टीम की कप्तानी भी की।