न्यूजीलैंड के युवा ऑलराउंडर रचिन रवींद्र आयरलैंड के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट की तैयारी के लिए आईपीएल को बीच में छोड़कर स्वदेश वापस लौट गए थे। रवींद्र अपनी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की सहमति से वापस गए थे। इस ऑलराउंडर का कहना है कि आईपीएल से जल्दी लौटने की वजह से उन्हें आयरलैंड के खिलाफ होने वाले टेस्ट से पहले मानसिक और शारीरिक तौर पर तैयार होने में मदद मिली है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक रवींद्र ने कहा, "केकेआर ने मेरा बहुत अच्छे से स्वागत किया। हालांकि, टीम संतुलन की वजह से मुझे खेलने का मौका नहीं मिल रहा था। मैंने सीईओ और कोच से बात करके यह फैसला लिया कि कुछ दिनों के लिए घर जाकर खुद को तरोताजा कर लूं। मुझे यह भी पता था कि इसके बाद मैं अगस्त के आखिर तक घर नहीं लौट पाऊंगा, क्योंकि आगे बहुत सारे मैच होने वाले हैं।"
रवींद्र ने कहा, "केकेआर मैनेजमेंट ने मुझे घर जाने की इजाजत देते हुए कहा कि घर जाओ, खुद को तरोताजा करो, थोड़ी ट्रेनिंग करो, और आयरलैंड में टीम के साथ जुड़ने से पहले जो कुछ भी तुम्हें चाहिए, वह सब कर लो। यह मेरे लिए इसलिए भी आसान हो गया, क्योंकि मैं उस समय खेल नहीं रहा था। यह खुद को तरोताजा करने का एक बहुत ही बढ़िया मौका था। हम अक्सर घर से दूर ही रहते हैं, ऐसे में घर पर बिताए चार-पांच दिन भी मेरे लिए बहुत ही शानदार रहे।"