रेस्ट ऑफ इंडिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जम्मू-कश्मीर को हराकर ईरानी कप का खिताब अपने नाम किया। जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने रेस्ट ऑफ इंडिया के शानदार प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में उनकी टीम की 167 रन से हार उनके लिए सीखने का एक अहम अनुभव होगा, क्योंकि वे आने वाली रणजी ट्रॉफी सीजन की तैयारी कर रहे हैं।
पहली पारी में 41 रन की बढ़त हासिल करने के बावजूद, मौजूदा रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर का बल्लेबाजी क्रम चौथे दिन ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। 279 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी टीम सिर्फ 111 रन बनाकर सिमट गई। रेस्ट ऑफ इंडिया की तरफ से मुकेश कुमार ने 6 और आकाशदीप ने 3 विकेट चटकाए।
डोगरा ने रविवार को मैच के बाद हुई प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा, "यह सच में एक अच्छा मैच था। उन्होंने बहुत अच्छा खेला। यह हमारे लिए सीखने का मौका था और खिलाड़ियों ने इससे अच्छी बातें सीखी हैं। इसका श्रेय रेस्ट ऑफ इंडिया को जाता है।" इस मैच को काफी हद तक रेस्ट ऑफ इंडिया के पक्ष में युवा बल्लेबाज स्मरण रविचंद्रन ने मोड़ा, जिन्होंने दूसरी पारी में शानदार 135 रन बनाए और मुकेश चौधरी के साथ मिलकर 9वें विकेट के लिए मैच का रुख बदलने वाली 113 रन की साझेदारी की। जब उनसे पूछा गया कि क्या जम्मू-कश्मीर स्थिति को अलग तरह से संभाल सकता था, तो डोगरा ने विपक्षी टीम के बेहतरीन खिलाड़ियों की तारीफ की।