अर्जेंटीना के पूर्व विंगर मैक्सी रोड्रिगेज ने कहा है कि टीम के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी के महान खिलाड़ी बनने के पीछे उनके मन में सफलता की भूख और उसके लिए पक्का इरादा है। उन्होंने कहा कि 8 बार बैलन डी'ओर जीतने और अपनी कप्तानी में अर्जेंटीना को पिछला विश्व कप जिताने के बावजूद उनके मन में टीम को एक और विश्व कप जिताने की प्रतिबद्धता कम नहीं हुई है।
फीफा से बात करते हुए रोड्रिगेज ने कहा, "मेसी को शोहरत की भूख और फिर से इतिहास रचने की चाहत से ऊर्जा मिलती है। वह आगे बढ़ते रहते हैं। उन्हें कोई नहीं रोक सकता। वह अपने देश का प्रतिनिधित्व करने की शान के लिए खेलते हैं। उनमें दिमाग में और कुछ नहीं, किसी का रिकॉर्ड तोड़ना भी नहीं। वह फिर से वर्ल्ड चैंपियन बनना चाहते हैं। वह एक बार फिर सब कुछ दांव पर लगा रहे हैं क्योंकि वह भूख ही उनकी पहचान है।"
रोड्रिगेज ने कहा, "उस माइंडसेट और ड्राइव के बिना, वह वह सब कुछ हासिल नहीं कर पाते जो उन्होंने किया है। इसीलिए हम अभी भी अर्जेंटीना की आइकॉनिक नंबर 10 शर्ट में उनके साथ एक और वर्ल्ड कप का मजा ले पा रहे हैं।"