आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग 2 के तहत गुरुवार को स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच वनडे मुकाबला डंडी, स्कॉटलैंड में खेला गया। इस मैच से स्कॉटलैंड के 23 वर्षीय ऑफ स्पिनर लाइल रॉबर्टसन ने अपने वनडे करियर की शुरुआत की।
लाइल रॉबर्टसन के वनडे करियर का आगाज शानदार रहा। इस युवा स्पिनर ने अपने पहले मैच में ही ऐसा प्रदर्शन किया कि वनडे फॉर्मेट में डेब्यू करते हुए सबसे शानदार स्पेल फेंकने वाले इतिहास के चौथे गेंदबाज बन गए। रॉबर्ट्सन ने 10 ओवर में 52 रन देकर 6 विकेट लिए। वनडे क्रिकेट में डेब्यू करते हुए यह किसी गेंदबाज का चौथा सर्वश्रेष्ठ स्पेल है। इस स्पेल की मदद से रॉबर्टसन ने स्कॉटलैंड को कनाडा पर बड़ी जीत दिलायी।
वनडे क्रिकेट में डेब्यू करते हुए सर्वश्रेष्ठ स्पेल का रिकॉर्ड स्कॉटलैंड के ही चार्ली कैसेल के नाम है। कैसल ने 2024 में ओमान के खिलाफ 21 रन देकर 7 विकेट लिए थे। दूसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा हैं। रबाडा ने 2015 में बांग्लादेश के खिलाफ 16 रन देकर 6 विकेट लिए थे। तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के फिदेल एडवर्ड्स हैं। एडवर्ड्स ने 2003 में जिम्बाब्वे के खिलाफ हुए मैच में 22 रन देकर 6 विकेट लिए थे। चौथे स्थान पर लाइल रॉबर्ट्सन आ गए हैं। पांचवें स्थान पर नामीबिया के जैन फ्रीलिंक हैं। उन्होंने 2019 में ओमान के खिलाफ 13 रन देकर 5 विकेट लिए थे।