ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है। निर्णायक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को एक नया ओपनर मिलेगा, क्योंकि निक मैडिन्सन और बैकअप विकेटकीपर सैम हार्पर को टीम से रिलीज कर दिया गया है। वहीं, अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ अपनी गर्दन की चोट के लिए फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे।
मैडिन्सन इस सीरीज की अपनी चार पारियों में 0, 48, 0 और 8 रन ही बना सके थे। वह अब स्वदेश लौट रहे हैं, जहां वे होबार्ट में तस्मानिया के खिलाफ शेफील्ड शील्ड मैच में न्यू साउथ वेल्स की ओर से खेलेंगे। यह मैच शुक्रवार से शुरू हो रहा है। उनके जाने के बाद अब मैथ्यू रेनशॉ, ट्रैविस हेड के साथ पारी की शुरुआत करेंगे।
इस बीच हार्पर को भी टीम से रिलीज कर दिया गया है, जो शनिवार से गाबा में क्वींसलैंड के खिलाफ होने वाले शेफील्ड शील्ड मैच में विक्टोरिया की तरफ से खेलेंगे। जोश इंग्लिस की उंगली में फ्रैक्चर होने के बाद हार्पर को कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया था, लेकिन अब इंग्लिस फिट हैं और अगर एलेक्स कैरी को कोई दिक्कत आती है, तो वे विकेटकीपिंग कर सकते हैं।