भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने 2013 में अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। अपने आईपीएल करियर की शुरुआत का श्रेय उन्होंने अपने गृह राज्य केरल से आने वाले पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत को दिया है। उन्होंने कहा कि एस. श्रीसंत ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के ट्रायल के दौरान उनके नाम की जोरदार वकालत की थी। उस समय वह काफी युवा थे।
सैमसन ने जियोस्टार के शो 'सुपरस्टार्स' पर कहा, "श्रीसंत भाई बहुत दरियादिल इंसान हैं। केरल के ड्रेसिंग रूम में, जब मैं छोटा था, तो मैं उन्हें हर साल पांच या छह खिलाड़ियों को राजस्थान रॉयल्स के ट्रायल में ले जाते हुए देखता था। उस समय, मुझे केरल की टीम से बाहर कर दिया गया था क्योंकि मैं रन नहीं बना पा रहा था। श्रीसंत एक अहम रणजी ट्रॉफी मैच खेलने आए थे। उन्होंने हमारे सचिव, टीसी मैथ्यू सर को बुलाया और कहा, 'मुझे टीम में संजू चाहिए।' मैथ्यू सर ने जवाब दिया, 'वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा है, हम उसे क्यों लें?' श्री भाई ने कहा, 'नहीं, उसे लाओ। मैं उससे अच्छा प्रदर्शन करवाऊंगा।'"
उन्होंने कहा, "मैं उस समय लगभग 16 साल का था। मैंने पहली पारी में 122 और दूसरी पारी में 51 रन बनाए। मैच के बाद, श्री भाई मुझे जयपुर में ट्रायल के लिए ले गए। राहुल द्रविड़ सर पहली बार मुझसे मिलने आए। उनके सामने ही श्रीसंत मेरी तारीफ करने लगे।"