बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने शुक्रवार को साउथ अफ्रीका के मालिबोंगवे माकेटा को राष्ट्रीय पुरुष क्रिकेट टीम का नया सहायक कोच नियुक्त किया है। उनका अनुबंध दो साल का होगा और वह अक्टूबर 2026 से नवंबर 2028 तक इस पद पर काम करेंगे।
46 वर्षीय मालिबोंगवे माकेटा बांग्लादेश टीम में मोहम्मद सलाहुद्दीन की जगह लेंगे। सलाहुद्दीन को हाल ही में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीब) की हाई परफॉर्मेंस यूनिट का प्रमुख नियुक्त किया गया है, लेकिन वह फिलहाल राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़े हुए हैं। इस समय बांग्लादेश की टीम जापान में है, जहां वह शनिवार को एशियन गेम्स के पुरुष टी20 ब्रॉन्ज मेडल मैच में श्रीलंका का सामना करेगी। यह मुकाबला निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाएगा।
क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) के लेवल 4 क्वालिफाइड कोच माकेटा, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में बांग्लादेश टीम से जुड़ेंगे। टीम का अगला असाइनमेंट अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच और उसके बाद अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के साथ वनडे ट्राई-सीरीज खेलना है।