भारत के ऑलराउंडर रियान पराग ने इंग्लिश प्रीमियर लीग की दिग्गज टीम मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए अपने गहरे लगाव के बारे में बात की है। उन्होंने बताया कि महान खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ही इस क्लब के प्रति उनके खास लगाव की मुख्य वजह रहे।
फुटबॉल के 2026-27 सीजन की शुरुआत से पहले 'जियोस्टार' से बात करते हुए पराग ने कहा, "जब फुटबॉल की बात आती है तो मैनचेस्टर यूनाइटेड ही मेरी टीम है। मैं उन्हें खेलते हुए और उनके खिलाड़ियों को पसंद करते हुए बड़ा हुआ हूं। मुझे उनकी लाल जर्सी बहुत पसंद थी, और उस समय क्रिस्टियानो रोनाल्डो मेरे पसंदीदा खिलाड़ी थे। यही वजह है कि मैंने इस टीम को चुना।"
रोनाल्डो के प्रति अपने लगाव के बारे में विस्तार से बताते हुए पराग ने कहा, "मैंने हमेशा एक खिलाड़ी को सबसे ज्यादा पसंद किया है और वो क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं। जिस तरह से वे कम उम्र में स्पोर्टिंग सीपी से आए, फिर प्रीमियर लीग में जो कमाल किया और लीग का स्तर ऊंचा उठाया, मुझे नहीं लगता कि कोई और खिलाड़ी उनके आसपास भी है।"