नेपाल का सबसे बड़ा फ्रेंचाइजी क्रिकेट टूर्नामेंट 'नेपाल प्रीमियर लीग' (एनपीएल) सोमवार से शुरू हो रहा है। इस तीसरे संस्करण में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी और व्यावसायिक दिलचस्पी देखने को मिल रही है, जिससे टूर्नामेंट की अहमियत और आर्थिक प्रभाव बढ़ने की उम्मीद है।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला काठमांडू के त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें मौजूदा चैंपियन लुंबिनी लायंस का सामना पिछले सीजन की उपविजेता टीम सुदूर पश्चिम रॉयल्स से होगा। आठ टीमों वाला यह टूर्नामेंट 21 नवंबर तक चलेगा। अन्य टीमों में विराटनगर किंग्स, चितवन राइनोस, जनकपुर बोल्ट्स, कर्णाली याक्स, काठमांडू गोरखास और पोखरा एवेंजर्स शामिल हैं।
प्रधानमंत्री बालेन शाह ने टूर्नामेंट की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एनपीएल को कुछ ही वर्षों में नेपाली खेलों का एक बड़ा उत्सव करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने इस आयोजन में हिस्सा ले रहे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और कमेंटेटरों का भी स्वागत किया। टी20 फ्रेंचाइजी लीग ने अपने पहले दो संस्करणों में तेजी से विस्तार किया है, जिससे इसमें अधिक निवेश, कॉर्पोरेट प्रायोजन और अंतरराष्ट्रीय प्रतिभाएं आकर्षित हुई हैं। 16 अक्टूबर को जब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने इस टूर्नामेंट को आधिकारिक मान्यता दी, तो इसके कद में और भी इजाफा हुआ।