महिला टी20 विश्व कप के 18वें मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 6 विकेट से हराया। ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर साउथ अफ्रीका की इस जीत की नायक मारिजाने कैप रहीं, जिन्होंने सिर्फ 45 गेंदों का सामना करते हुए 81 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, गेंदबाजी में उन्होंने 2 विकेट भी चटकाए।
मारिजाने कैप ने अपनी इस पारी के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड्स को अपने नाम किया। कैप ने महिला टी20 विश्व कप में साउथ अफ्रीका की तरफ से तीसरी सबसे बड़ी पारी खेली। टी20 वर्ल्ड कप में प्रोटियाज टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड लिजेल ली के नाम है, जिन्होंने 2020 में 101 रनों की शानदार पारी खेली थी, जबकि इस लिस्ट में डेन वैन नीकेर्क (नाबाद 90 रन) दूसरे नंबर पर हैं। कैप ने रनों का पीछा करते हुए टी20 विश्व कप में दूसरी सबसे बड़ी पारी भी खेली।
कैप ने अपनी इस पारी में 7 चौके और 4 छक्के लगाए। वह टी20 विश्व कप की एक पारी में साउथ अफ्रीका की तरफ से सर्वाधिक छक्के लगाने वाली बल्लेबाज भी बन गई हैं। इसके साथ ही टी20 वर्ल्ड कप में चेज करते हुए एक मैच में कैप ने संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। कैप से पहले रनों का पीछा करते हुए साल 2018 में वेस्टइंडीज की बल्लेबाज डिएंड्रा डॉटिन ने एक ही मुकाबले में 4 छक्के लगाए थे।