बिग बैश लीग (बीबीएल) की टीम सिडनी सिक्सर्स ने मैथ्यू मॉट को पुरुष टीम का अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। मॉट को दो साल के लिए साइन किया गया है और वह जेम्स होप्स की जगह लेंगे।
होप्स को ग्रेग शिपरड के जाने के बाद नियुक्त किया गया था, लेकिन पिछले महीने उन्होंने क्वींसलैंड और ब्रिस्बेन हीट के साथ दोहरी कोचिंग की भूमिका निभाने के लिए यह पद छोड़ दिया था। 52 वर्षीय मैथ्यू मॉट पिछले दो सीजन तक टीम के सहायक कोच रहे थे। पिछली गर्मियों में उन्होंने सिक्सर्स की महिला टीम की भी जिम्मेदारी संभाली और अपनी कोचिंग में टीम को महिला बिग बैश लीग के चैलेंजर मुकाबले तक पहुंचाया। अब सिडनी सिक्सर्स इस सप्ताह के अंत तक महिला टीम के नए मुख्य कोच के नाम की घोषणा करेगा।
यह नियुक्ति मैथ्यू मॉट के लंबे और सफल कोचिंग करियर का नया पड़ाव है। 52 वर्षीय मॉट पिछले 20 साल से ज्यादा समय से क्रिकेट कोचिंग से जुड़े हैं। उन्होंने 2022 से 2024 तक इंग्लैंड की पुरुषों की सीमित ओवरों (व्हाइट-बॉल) टीम के मुख्य कोच के रूप में काम किया। उनकी कोचिंग में जोस बटलर की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम ने 2022 का टी20 विश्व कप जीता। इससे पहले, मॉट 2015 से 2022 तक ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम के मुख्य कोच रहे। उनके कार्यकाल में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने दो टी20 विश्व कप, 2022 का वनडे विश्व कप और चार एशेज सीरीज अपने नाम कीं। इसके अलावा, उनकी कोचिंग में ऑस्ट्रेलिया ने लगातार 26 वनडे मैच जीतकर विश्व रिकॉर्ड भी बनाया।