Ekana Cricket Stadium: भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मंगलवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टी20 सीरीज के पहले मैच को 8 विकेट से जीता। पांच मुकाबलों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ने के बाद कैरेबियाई टीम के कप्तान शाई होप ने स्वीकार किया है कि मेहमानों की बल्लेबाज थोड़ी अव्यवस्थित थी।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 19.1 ओवरों में 171 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में भारत ने कप्तान श्रेयस अय्यर (नाबाद 102) की तूफानी पारी के दम पर 14.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
करारी हार के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने कहा, "सच कहूं तो, आप खेल के कई पहलुओं पर बात कर सकते हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि हमें आखिरी ओवरों में काफी रन नहीं मिले। मुझे लगता है कि शायद हमारी बल्लेबाजी थोड़ी अव्यवस्थित थी। हम बहुत आक्रामक होकर खेल रहे थे। लेकिन हां, जब आप भारत में खेल रहे हों, तो आपको बोर्ड पर अच्छे रन बनाने होते हैं। आपके पास लगभग 20 या 30 रन का अतिरिक्त कुशन होना चाहिए क्योंकि जब आप गेंदबाजी करते हुए स्कोर का बचाव करने की कोशिश करते हैं, तो आउटफील्ड की नमी और पिच की स्थिति थोड़ी बेहतर हो जाती है। इसलिए आपको खुद को थोड़ा अतिरिक्त कुशन देना होता है।"