दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट डायरेक्टर सौरव गांगुली का मानना है कि वर्ल्ड कप जीतने वाले ऑलराउंडर युवराज सिंह का अनुभव और युवा बल्लेबाजों को मेंटर करने की उनकी काबिलियत, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले फ्रेंचाइजी के बैटिंग ग्रुप को मजबूत करेगी।
मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स के सहायक और बैटिंग कोच के तौर पर युवराज की नियुक्ति का ऐलान किया गया। गांगुली ने बताया कि उन्होंने ही युवराज को कोचिंग सेटअप में लाने की बातचीत शुरू की थी। उन्हें भरोसा है कि 44 साल के युवराज की टी20 क्रिकेट की समझ और बड़े मंचों पर खेलने का अनुभव दिल्ली के उभरते खिलाड़ियों के काम आएगा।
गांगुली ने बुधवार को फ्रेंचाइजी द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि वह हमारे साथ हैं। जाहिर है कि मैंने ही बातचीत शुरू की थी और सब कुछ अच्छे से हो गया। आप जानते हैं कि वह वर्ल्ड कप विनर हैं - टी20 और 50 ओवर, दोनों में। वह मेरे साथ वर्ल्ड कप टीमों में भी रहे हैं, जहां हम कुछ बार फाइनल में पहुंचे थे। उन्हें पता है कि टी20 क्रिकेट में बैटिंग कैसी होती है, क्योंकि वह खुद एक बड़े हिटर थे। टी20 वर्ल्ड कप 2007 (जो इस छोटे फॉर्मेट का पहला वर्ल्ड कप था) में डरबन में स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ लगाए गए उनके 6 छक्के कोई नहीं भूल सकता। वह एक खास पूर्व खिलाड़ी हैं और मुझे यकीन है कि वह बहुत से युवा खिलाड़ियों को अपनी स्किल्स सिखाएंगे।"