Divyang Cricket Control Board: पूर्व विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने 'दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया' (डीसीसीबीआई) की अध्यक्ष के तौर पर नई जिम्मेदारी संभाली है। यह संस्था भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम और भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के लिए काम करती है। उनकी नियुक्ति की घोषणा आगरा में आयोजित भव्य 'दिव्यांग क्रिकेट अवार्ड सेरेमनी' के दौरान की गई।
दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों, अधिकारियों और आयोजकों को संबोधित करते हुए, पूर्व सांसद, वरिष्ठ समाजसेवी और सुप्रीम कोर्ट की जानी-मानी वकील मीनाक्षी लेखी ने कहा कि वह पूरी लगन, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ इस जिम्मेदारी को निभाएंगी और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिव्यांग क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए काम करेंगी।
खिलाड़ियों से बात करते हुए मीनाक्षी लेखी ने कहा, "हमें भगवान श्री राम के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए, जिन्होंने राजकुमार होने के बावजूद अपने माता-पिता की इच्छा का पालन किया और वनवास स्वीकार किया।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कर्म ही जीवन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू है। पूर्व विदेश राज्य मंत्री ने कहा, "ईमानदारी और लगन से अपने कर्तव्य निभाते रहें; आपके सामने रास्ते खुलते जाएंगे।"