ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज खिलाड़ी मेग लेनिंग आगामी महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) सीजन के लिए मेलबर्न स्टार्स की कप्तान के तौर पर वापसी कर रही हैं। वह एनाबेल सदरलैंड की जगह टीम की बागडोर संभालेंगी।
मेग लेनिंग ने पहले पांच सीजन तक मेलबर्न स्टार्स की कप्तानी की थी। हालांकि, डब्ल्यूबीबीएल 10 से पहले उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी, जिसके बाद एनाबेल सदरलैंड टीम की कप्तान बनीं और दो सीजन तक यह जिम्मेदारी निभाई। अब सदरलैंड अपने ऊपर काम का बोझ कम करना चाहती हैं, इसलिए उन्होंने कप्तानी छोड़ दी है। ऐसे में लेनिंग एक बार फिर मेलबर्न स्टार्स की क्रिकेट टीम की कप्तानी संभालेंगी।
क्लब के नए कोच रिचर्ड पाइराह ने सदरलैंड द्वारा यह भूमिका छोड़ने के लिए दिखाए गए साहस की सराहना की और जिम्मेदारी संभालने के लिए लेनिंग की तारीफ की। पाइराह ने कहा, "एनाबेल के लिए यह समझना कि टीम के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि वह अपने प्रदर्शन पर ध्यान दें और कप्तानी से हट जाएं, बहुत साहस और विनम्रता का काम है। उनके लिए आसान काम यही होता कि वह कप्तान बनी रहतीं और आगे बढ़ती रहतीं, लेकिन उनका यह कदम उनके चरित्र को दर्शाता है। इस सीजन में स्टार्स के लिए हम निस्संदेह एनाबेल का सर्वश्रेष्ठ रूप देखेंगे, जैसा कि हमने अक्सर वैश्विक मंच पर देखा है।"