बिग बैश लीग (बीबीएल) की फ्रेंचाइजी मेलबर्न रेनेगेड्स ने अपनी पुरुष टीम के घरेलू मैदान को बदलने का फैसला किया है। मेलबर्न रेनेगेड्स ने 15 साल के बाद मार्वल स्टेडियम से अपनी राहें अलग कर ली हैं। आगामी सीजन में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) रेनेगेड्स का घरेलू मैदान होगा। बीबीएल क्लब ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की।
मेलबर्न रेनेगेड्स ने बिग बैश लीग की शुरुआत 2011-12 सीजन से की थी और तब से वह अपने ज्यादातर घरेलू मुकाबले मार्वल स्टेडियम में खेलती आ रही थी। इसी मैदान पर टीम ने अपने इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। रेनेगेड्स ने बीबीएल के आठवें सीजन में खिताब जीता था और उस यादगार सफर का गवाह भी मार्वल स्टेडियम ही बना था।
अब क्लब ने मेलबर्न क्रिकेट क्लब (एमसीजी) के साथ नया समझौता किया है, जिसके तहत बिग बैश लीग के 16वें सीजन से टीम के कुछ खास मुकाबले एमसीजी में खेले जाएंगे। आगामी सीजन में रेनेगेड्स एमसीजी में कुल तीन मैच खेलेगी। इनमें दो मुकाबले वह घरेलू टीम के रूप में खेलेगी, जिसमें मेलबर्न डर्बी भी शामिल होगा। इसके अलावा एक मैच वह मेलबर्न स्टार्स के खिलाफ मेहमान टीम के रूप में खेलेगी।