भारतीय क्रिकेट के पूर्व खिलाड़ी और मौजूदा बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास का रिकॉर्ड घरेलू क्रिकेट में शानदार रहा। हालांकि, दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी के चलते उन्हें टीम इंडिया की जर्सी पहनने का मौका नहीं मिल सका।
मिथुन मन्हास का जन्म 12 अक्टूबर, 1979 को जम्मू-कश्मीर में हुआ। मिथुन का बचपन से ही क्रिकेट से खास लगाव था। उन्होंने जल्द ही इस खेल में करियर बनाने का फैसला कर लिया और दिन-रात जमकर मेहनत की। फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में मिथुन ने अपना डेब्यू साल 1997 में किया। घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन कमाल का रहा।
157 फर्स्ट-क्लास मैचों में उन्होंने 45 की औसत से खेलते हुए 9,714 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 27 शतक और 49 अर्धशतक लगाए। गेंदबाजी में भी वह 40 विकेट चटकाने में सफल रहे। लिस्ट-ए क्रिकेट में मिथुन ने खेले 130 मुकाबलों में 4,126 रन बनाने के साथ-साथ 25 विकेट झटके।