टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर मोहिंदर अमरनाथ की गिनती भारत के दिग्गज खिलाड़ियों में की जाती है। भारत को 1983 में पहला क्रिकेट विश्व कप जिताने में अमरनाथ ने अहम भूमिका निभाई।
मोहिंदर अमरनाथ का जन्म 24 सितंबर, 1950 को पंजाब में हुआ। मोहिंदर को क्रिकेट का खेल विरासत में मिला। उनके पिता लाला अमरनाथ स्वतंत्र भारत के पहले भारतीय कप्तान और शानदार खिलाड़ी रहे। यही वजह रही कि मोहिंदर को क्रिकेट से जल्द ही लगाव हो गया।
उनके भाई सुरिंदर अमरनाथ भी क्रिकेटर थे। पिता और बड़े भाई को क्रिकेट खेलता देख मोहिंदर की भी इस खेल में रुचि जल्द ही बढ़ने लगी और उन्होंने भी क्रिकेट में करियर बनाने का फैसला किया। घरेलू क्रिकेट में मोहिंदर ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें साल 1969 में भारतीय जर्सी में खेलने का पहली बार मौका मिला। हालांकि, इंटरनेशनल स्तर पर शुरुआत में मोहिंदर कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ सके, जिसके चलते उन्हें टीम से ड्रॉप कर दिया गया। हालांकि, घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाकर वह फिर से टीम में लौटे।