ऑस्ट्रेलिया के घरेलू क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी मोइसेस हेनरिक्स ने अपने घरेलू करियर पर विराम लगाने का फैसला किया है। उन्होंने न्यू साउथ वेल्स और सिडनी सिक्सर्स से संन्यास की घोषणा की है।
हेनरिक्स का फर्स्ट-क्लास क्रिकेट करियर पिछले साल खत्म हो गया था। इसके बाद उन्होंने 2025-26 सीजन में न्यू साउथ वेल्स के सफल वन-डे कप अभियान में पांच मैच खेले। उन्होंने सिडनी सिक्सर्स को बिग बैश लीग (बीबीएल) के 15वें सीजन के फाइनल तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाई, लेकिन उन्हें बीबीएल के 16वें सीजन के लिए नया कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिला।
39 वर्षीय ऑलराउंडर पिछले 22 वर्षों से पेशेवर क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब उनके लिए खेल को अलविदा कहकर जिंदगी के अगले पड़ाव की ओर बढ़ने का सही समय है। हेनरिक्स ने बताया कि उन्हें दूसरी बीबीएल टीमों से भी खेलने के प्रस्ताव मिले थे, लेकिन सिडनी सिक्सर्स और न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) के साथ उनका रिश्ता इतना खास था कि वह कहीं और जाने के बारे में नहीं सोच सके।