मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप के आगामी सीजन के लिए ग्वालियर चीताज ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। इस खेमे में आईपीएल विजेता कप्तान रजत पाटीदार के साथ आकाश सिंह रघुवंशी और मंगेश यादव जैसे कुशल तेज गेंदबाज शामिल हैं।
रजत पाटीदार ने साल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को बतौर कप्तान उसका पहला आईपीएल खिताब दिलाया था। आईपीएल 2026 में भी उनकी कमान में आरसीबी का प्रदर्शन जबरदस्त रहा है। पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी क्वालीफायर और फिर उसके बाद फाइनल का टिकट हासिल करने वाली पहली टीम बनी। 31 मई को फाइनल में आरसीबी का सामना साल 2022 की चैंपियन गुजरात टाइटंस से होगा।
ग्वालियर चीताज 3 जून को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में उज्जैन फाल्कन्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। एमपीएल 2026 अब तक का सबसे बड़ा संस्करण होगा, जिसमें 10 पुरुषों की टीमें और 5 महिलाओं की फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी।