भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल का जन्म एक बेहद साधारण परिवार में हुआ था, लेकिन अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने न सिर्फ भारतीय टीम में जगह बनाई, बल्कि विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य भी रहे।
मुनाफ पटेल का जन्म 12 जुलाई 1983 को इखर, गुजरात में हुआ था। यह वह साल था, जब भारतीय टीम ने अपना पहला वनडे विश्व कप (25 जून 1983) जीता था। भारतीय टीम ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2011 में जब दूसरा वनडे विश्व कप जीता, मुनाफ पटेल उस टीम के सदस्य थे और टीम की तरफ से तीसरे सर्वाधिक सफल गेंदबाज थे।
घरेलू क्रिकेट में 'भरूच एक्सप्रेस' के नाम से मशहूर रहे मुनाफ अपनी तेज रफ्तार, सटीक लाइन-लेंथ और स्विंग गेंदबाजी के लिए जाने गए। उनकी प्रतिभा को सबसे पहले भारत के पूर्व विकेटकीपर किरण मोरे ने पहचाना। नेट्स में उनकी गेंदबाजी देखने के बाद मोरे ने उन्हें चेन्नई स्थित एमआरएफ पेस फाउंडेशन भेजा, जहां उन्होंने डेनिस लिली और टी.ए. शेखर की देखरेख में प्रशिक्षण लिया। यहीं से उनकी रफ्तार ने सबका ध्यान खींचा और उन्हें भारतीय क्रिकेट का सबसे तेज गेंदबाज कहा जाने लगा।