भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने जोर देकर कहा कि भारतीय टीम के साथ उनका काम सबको खुश करना नहीं है। उन्होंने कहा कि एक बड़ी टी20 टीम को संभालते समय वह लोकप्रिय फैसले लेने के बजाय सही निर्णय लेने पर ध्यान देते हैं।
भारतीय टीम अभी न्यूजीलैंड के दौरे पर है, जहां पांच मैचों की टी20 सीरीज में टीम 3-1 की अजेय बढ़त बना चुकी है। सेडन पार्क में पांचवें मैच से पहले ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में गंभीर ने कहा, "सबसे पहली बात, मेरा काम सबको खुश करना नहीं है। मेरा काम सही फैसले लेना है, न कि लोकप्रिय फैसले। मैं इसी काम के लिए यहां हूं। मुझे लगता है कि आज के दौर में सोशल मीडिया और बाहर होने वाली तमाम चर्चाओं के बीच चीजें कुछ अलग हो सकती हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "लोकप्रिय फैसला लेना बहुत आसान होता है। लेकिन मेरे लिए सही निर्णय लेना ज़्यादा ज़रूरी है। इसके साथ ही यह सुनिश्चित करना भी अहम है कि ड्रेसिंग रूम के अंदर खिलाड़ियों को पूरा भरोसा महसूस हो। जैसा कि आपने अभी कहा, टीम में बहुत टैलेंट है। खिलाड़ियों ने लंबे समय तक शानदार प्रदर्शन किया है, इसलिए वे निश्चित रूप से और मौके पाने के हकदार हैं। हम इसी सोच के साथ इस सीरीज में आगे बढ़ रहे हैं।"