Sri Lanka: भारत और श्रीलंका के बीच रविवार से कोलंबो के एसएससी ग्राउंड में दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत होगी, जिससे पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने टीम की रैंकिंग और मीडिया की बढ़ती नजर को लेकर चिंताओं को खारिज कर दिया। गंभीर ने बताया कि उनकी एकमात्र प्राथमिकता लोकप्रियता हासिल करना नहीं, बल्कि टीम के लिए ट्रॉफियां जीतना है।
भारत ने सीरीज का पहला मैच 165 रन से अपने नाम किया था। अब सीरीज का दूसरा और अंतिम मैच 23 अगस्त से शुरू होगा, जो निर्णायक रहेगा। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने कहा, "मेरा काम ट्रॉफी जीतना है, व्यूज और लाइक्स पाना नहीं। मैं बस इसी में यकीन रखता हूं और यही मुझमें और बाकी लोगों में फर्क है।"
गंभीर ने इस बात को भी खारिज कर दिया कि टीम बदलाव के दौर से गुजरने के कारण टेस्ट में संघर्ष कर रही है, जिसकी वजह से वे इस फॉर्मेट में चौथे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने कहा, "बिल्कुल नहीं। हम उतना संघर्ष नहीं कर रहे हैं। रैंकिंग मायने नहीं रखती। मुझे लगता है कि हम बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं और मुझे यकीन है कि प्रेस बॉक्स और कमेंट्री बॉक्स में बैठे लोग जानते हैं कि हम बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं। इसके बावजूद, उतार-चढ़ाव तो आएंगे ही, इंग्लैंड दौरे के बाद पिछले एक साल में हमने काफी हद तक लगातार अच्छा क्रिकेट खेला है, टेस्ट क्रिकेट भी। इसलिए मुझे लगता है कि आप लोग रैंकिंग पर ध्यान दे सकते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं करते, क्योंकि जानते हैं कि हम जिस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, वह सही दिशा है।"