बांग्लादेश क्रिकेट के मुख्य चयनकर्ता हबीबुल बशर ने तेज गेंदबाज नाहिद राणा की चोट को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि टीम प्रबंधन ने उनके वर्कलोड को लेकर पूरी सावधानी बरती थी। इसके बावजूद उन्हें साइड स्ट्रेन की समस्या हो गई। इस वजह से वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए।
बशर ने कहा कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड तेज गेंदबाजों के वर्कलोड की निगरानी आधुनिक जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम से करता है। इसी आधार पर तय किया जाता है कि कौन-सा गेंदबाज कितने मैच या किस सीरीज में खेलेगा। जून में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान भी नाहिद को सभी मुकाबलों में नहीं खिलाया गया था ताकि वह ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए पूरी तरह फिट रहें।
23 वर्षीय नाहिद राणा इस साल शानदार फॉर्म में रहे हैं। उन्होंने सभी प्रारूपों में 44 विकेट हासिल किए हैं, जिनमें चार बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है। उनकी तेज गति और अतिरिक्त उछाल उन्हें बांग्लादेश के अन्य तेज गेंदबाजों से अलग बनाती है। जून में ढाका में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से कंगारू बल्लेबाजों को काफी परेशान किया था।