नामीबिया ने आयरलैंड के खिलाफ रविवार को नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए वनडे सीरीज के पांचवें और अंतिम मैच को 5 विकेट से जीता। इसी के साथ नामीबिया ने सीरीज 3-2 से अपने नाम की। ऐसा पहली बार था, जब नामीबिया ने किसी पूर्ण सदस्य देश के खिलाफ सीरीज जीती।
आयरलैंड ने वनडे सीरीज का पहला मैच 55 रन से अपने नाम किया था, जिसके बाद नामीबिया ने अगले दो मैच 31 रन और 63 रन से जीते। हालांकि, आयरलैंड ने चौथा मुकाबला 130 रन से जीतकर सीरीज को रोमांचक बना दिया, जिसके बाद नामीबिया ने अंतिम मैच को अपने नाम करते हुए सीरीज जीत ली।
रविवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी आयरलैंड की टीम ने महज 6 के स्कोर पर टिम टेक्टर (5) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद कैड कारमाइकल ने एंड्रयू बालबर्नी (9) के साथ दूसरे विकेट के लिए 23 रन और हैरी टेक्टर के साथ तीसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 58 के स्कोर तक पहुंचा दिया।