भारत के तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने बताया है कि लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ रहने के दौरान हेड कोच गौतम गंभीर से मिली सलाह उन्हें उनके इंटरनेशनल सफर की शुरुआत में भी गाइड कर रही है। यश ने उस बावुक पल को भी याद किया, जब उन्हें जिम्बाब्वे टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का पहली बार बुलावा आया।
ठाकुर ने एज-ग्रुप क्रिकेट, घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और इंडिया ए में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बाद पहली बार भारतीय टीम में जगह बनाई है। उन्होंने बताया कि मुख्य कोच गौतम गंभीर ने उन्हें सलाह दी थी कि वे अपनी उन खूबियों पर ही टिके रहें जिनसे उन्हें सफलता मिली है, न कि ऊंचे स्तर पर खुद को पूरी तरह बदलने की कोशिश करें।
ठाकुर ने 'जियोस्टार' से कहा, "जब मैं लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ था और गौतम गंभीर से मिला, तो पहले दिन से ही उनके साथ मेरी अच्छी बातचीत हुई। उन्होंने तब मेरे से कहा था कि तुमने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। तुम्हें पता है कि विकेट कैसे लेने हैं और मैच कैसे जीतने हैं, इसलिए कभी भी अपनी सोच मत बदलना। क्रिकेट का स्तर बदलता रहेगा, घरेलू से आईपीएल और फिर इंटरनेशनल, लेकिन खुद को या अपनी मुख्य खूबियों को मत बदलना। उसी चीज पर टिके रहो जिसने तुम्हें यहां तक पहुंचाया है। अपनी स्किल्स और अपने प्रोसेस पर भरोसा रखो।'"