Indian Premier League: दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 35वें मैच में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के सामने जीत के लिए 265 रन का विशाल टारगेट रखा है। डीसी को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में केएल राहुल और नितीश राणा की जोड़ी का हाथ रहा, जिन्होंने दूसरे विकेट के लिए 220 रन की साझेदारी की।
इस सीजन लगातार 7वां टॉस जीतकर दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। डीसी को 2.4 ओवर में पथुम निसांका के रूप में पहला झटका लगा। निसांका 7 गेंदों में 2 चौकों के साथ महज 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उस समय तक टीम के खाते में महज 28 रन ही जुड़ सके थे।
यहां से केएल राहुल ने नितीश राणा के साथ दूसरे विकेट के लिए 95 गेंदों में 220 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। नितीश 44 गेंदों में 4 छक्कों और 11 चौकों के साथ 91 रन बनाकर पवेलियन लौटे।