अमेरिका के पसंदीदा खेल को मैनेज करने वाली संस्था, मेजर लीग बेसबॉल (एमएलबी) ने खेल के नए और तेज प्रारूप को भारत लाने का फैसला किया है। इसके तहत एमएलबी 24 अक्टूबर को मुंबई में बेसबॉल के 3x3 फॉर्मेट का एक मुकाबला आयोजित करेगा। यह तेज रफ्तार टी20-शैली का संस्करण माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य भारत में बेसबॉल की लोकप्रियता बढ़ाना है।
मेजर लीग बेसबॉल ने गुरुवार को घोषणा की है कि वह मुंबई फुटबॉल एरिना में अपने नए और तेजतर्रार 3-ऑन-3 बेसबॉल कॉम्पिटिशन, एमएलबीएक्स की मेजबानी करेगा। इस इवेंट में बेसबॉल कॉम्पिटिशन, फैंस के लिए इंटरैक्टिव अनुभव और मनोरंजन शामिल होंगे, जिससे भारतीय दर्शकों को दुनिया की सबसे ऐतिहासिक स्पोर्ट्स लीग का अनुभव करने का एक नया तरीका मिलेगा।
मेजर लीग बेसबॉल द्वारा बनाया गया एमएलबीएक्स एक डायनामिक, मिक्स्ड 3-ऑन-3 बेसबॉल कॉम्पिटिशन है, जिसमें पावर हिटिंग, एथलेटिक डिफेंसिव प्ले और तेज-तर्रार गेमप्ले का मेल होता है।