भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज जीत रावल ने पेशेवर क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। 38 साल के रावल ने आखिरी बार जनवरी 2020 में न्यूजीलैंड के लिए खेला था।
रावल का जन्म 22 सितंबर 1988 को अहमदाबाद, गुजरात में हुआ था। उनके पिता का सपना था कि रावल एक दिन न्यूजीलैंड की तरफ से क्रिकेट खेलें। इसी सपने को पूरा करने के लिए रावल का परिवार न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गया। रावल न्यूजीलैंड अंडर-19 टीम का हिस्सा रहे और घरेलू क्रिकेट में ऑकलैंड और नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स (एनडी) टीम के लिए खेले।
नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स क्रिकेट एसोसिएशन को दिए इंटरव्यू में रावल ने कहा कि न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना उनका और उनके पिता का बचपन का सपना था। इसे पूरा करने का मौका देने के लिए उनके पिता पूरे परिवार को न्यूजीलैंड ले गए थे। “यह फैसला लेते हुए मुझे गर्व और संतुष्टि महसूस हो रही है। ब्लैककैप्स के लिए खेलना मेरा और मेरे पिता का सपना था। मुझे यह मौका देने के लिए उन्होंने पूरे परिवार को न्यूजीलैंड शिफ्ट करने का बड़ा कदम उठाया।”