भारत के खिलाफ होने वाली 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। इंजरी की वजह से वनडे सीरीज से बाहर रहे ऑलराउंडर रचिन रवींद्र और विकेटकीपर बल्लेबाज डेवोन कॉनवे की टीम में वापसी हुई है।
रवींद्र सितंबर में एक प्रमोशनल शूट के दौरान डाइविंग कैच लेने की कोशिश में अपने दाहिने कंधे को चोटिल कर बैठे थे। इस वजह से वह भारत के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज से बाहर हो गए। वहीं, डेवोन कॉनवे भारत के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले अभ्यास के दौरान मैट हेनरी के साथ हुई टक्कर में इंजर्ड हो गए थे। उन्हें कन्कशन की समस्या हुई थी और इस वजह से उन्हें वनडे सीरीज से बाहर होना पड़ा था। रवींद्र और कॉनवे की वापसी से न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी मजबूत हुई है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया, "रचिन रवींद्र, डेवोन कॉनवे और विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल अपनी-अपनी चोटों से उबर रहे हैं और पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध होने का लक्ष्य बना रहे हैं।"