न्यूजीलैंड के नवनियुक्त बल्लेबाजी कोच बीजे वाटलिंग ने कहा है कि उनकी नजर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली चार मैचों की टेस्ट सीरीज और वनडे विश्व कप पर है। वाटलिंग भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद ल्यूक रोंची की जगह लेंगे।
बीजे वाटलिंग ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मैं बहुत उत्साहित हूं। कुछ बड़ी सीरीज आने वाली हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया सीरीज और वर्ल्ड कप हैं। मैं ग्रुप के माहौल में वापस आने के लिए उत्साहित हूं। यह एक शानदार मौका है, इसलिए इंतजार नहीं कर सकता।"
उन्होंने कहा, "सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया, वहां चार टेस्ट होने हैं। यह बहुत बड़ा मौका है। तो अच्छा प्रदर्शन करना और एक सीरीज जीतना वाकई अच्छा होगा और इसलिए यह पहला चैलेंज है और जाहिर है, अगले साल के आखिर में वर्ल्ड कप आ रहा है - वह भी एक बहुत अच्छा अनुभव होगा। मुझे लगता है कि आगे आने वाले चैलेंज मुझे इस रोल के लिए खींच रहे हैं। मैंने सच में कोई प्लान नहीं बनाया है। मैं बस फ्लो के साथ चलता रहा हूं। मैं इस मौके का फायदा उठाऊंगा।"