भारत के पूर्व तेज गेंदबाज निरंजना नागराजन का मानना है कि हरमनप्रीत कौर को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की टी20 कप्तान बने रहना चाहिए। भारतीय टीम महिला टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप स्टेज में ही हारकर बाहर हो गई थी, जिसके बाद से हरमनप्रीत की कप्तानी पर कई तरह से सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
निरंजना ने कहा कि बतौर कप्तान हरमनप्रीत का प्रदर्शन खराब नहीं रहा है, बल्कि क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में भारतीय टीम के पास पावर हिटर्स की कमी है। भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने में नाकाम रही। 2028 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप तक हरमनप्रीत 39 साल की हो जाएंगी, इसी कारण कई लोग कप्तानी में बदलाव की वकालत कर रहे हैं।
निरंजना ने 'आईएएनएस' के साथ खास बातचीत करते हुए हरमनप्रीत का समर्थन किया। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हरमनप्रीत अच्छा काम कर रही हैं। समस्या यही है कि एक हार और सब कुछ सामने आ जाता है। हरमनप्रीत ने वनडे वर्ल्ड कप जीता, तो क्यों न एक टूर्नामेंट के लिए उनका समर्थन किया जाए? उन्हें वह स्पेस दें। आखिरकार वे सभी एक ही दौर से गुजर रहे हैं। हम सभी इंसान हैं और गलतियां करते हैं।"