T20 World Cup: खेल मंत्रालय ने बुधवार को दोहराया है कि पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल संबंधों पर भारत का प्रतिबंध जारी रहेगा, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तानी खिलाड़ी और टीमें भारत की तरफ से आयोजित बहुपक्षीय आयोजनों में हिस्सा ले सकेंगी।
राष्ट्रीय खेल महासंघों, भारतीय ओलंपिक संघ, भारतीय खेल प्राधिकरण, गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को जारी एक आधिकारिक सर्कुलर में मंत्रालय ने कहा, "जहां तक एक-दूसरे के देश में होने वाले द्विपक्षीय खेल आयोजनों का सवाल है, भारतीय टीमें पाकिस्तान में होने वाली प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं लेंगी, न ही हम पाकिस्तानी टीमों को भारत में खेलने की अनुमति देंगे। अंतरराष्ट्रीय और बहुपक्षीय आयोजनों के संबंध में चाहे वे भारत में हों या विदेश में, हम अंतरराष्ट्रीय खेल निकायों की कार्यप्रणाली और अपने खिलाड़ियों के हितों से निर्देशित होते हैं। इस बात को मद्देनजर रखना भी प्रासंगिक है कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए भारत एक विश्वसनीय स्थल के रूप में उभर रहा है।"
उल्लेखनीय है कि भारत साल 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा, और 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए अपनी दावेदारी पेश कर चुका है। भारत आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2029 और मेंस वनडे वर्ल्ड कप 2031 की मेजबानी भी करेगा।