पंजाब किंग्स के बल्लेबाज नेहल वढेरा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 की तैयारी में जुटे हैं। फिलहाल न्यू चंडीगढ़ में टीम का ऑफ सीजन कैंप लगा है, जिसमें नेहल अपने खेल को बेहतर बनाने में जुटे हैं।
नेहल वढेरा ने 'आईएएनएस' के साथ बातचीत में ऑफ-सीजन कैंप के बारे में कहा, "सच कहूं तो, यह बहुत अच्छा रहा है। हम बहुत कड़ी प्रैक्टिस कर रहे हैं। हम अपने कोच के साथ अपनी खूबियों और उन चीजों पर काम कर रहे हैं जिनमें सुधार की जरूरत है। इसलिए, हम सभी मानसिक रूप से काफी मजबूत हैं। हम सभी न सिर्फ आईपीएल के लिए, बल्कि अपने-अपने घरेलू सीजन के लिए भी तैयारी कर रहे हैं। मतलब, हर कोई बहुत खुश है और अपने खेल को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहा है।"
इस कैंप का आयोजन असिस्टेंट कोच ट्रेवर गोंसाल्वेस की देखरेख में हो रहा है। नेहल वढेरा ने कहा, "ट्रेवर गोंसाल्वेस हमारे साथ हैं। वह बहुत अनुभवी कोच हैं। वह हाल ही में आंध्र टीम के साथ भी काम कर रहे थे। वह लंबे समय से पंजाब किंग्स के साथ काम कर रहे हैं। जब भी हमारे सेशन होते हैं, वह हमेशा वहां खड़े रहते हैं और हमें रिकॉर्ड करते हैं। वह हमेशा हमें हमारे वीडियो दिखाते हैं, ताकि हम देख सकें कि कहां सुधार कर सकते हैं और यह बातचीत हमेशा चलती रहती है। वह हमसे यह जानने की भी कोशिश करते हैं कि हमें कहां लगता है कि हम अपने खेल को बेहतर बना सकते हैं। फिर, हम एक ऐसे प्वाइंट पर पहुंचते हैं जहां हम सहमत होते हैं कि, 'हां, यहां आपको सुधार करने की जरूरत है। यहां आपकी खूबियां हैं।' ये कैंप हमारी मदद करते हैं, क्योंकि हमारे पास बहुत अच्छे गेंदबाज हैं। पंजाब के सभी बेहतरीन गेंदबाज यहां एकजुट हुए हैं और आईपीएल के लिए उनका टेस्ट भी हो रहा है।"