बीसीसीआई की शुक्रवार को हुई सालाना आम बैठक (एजीएम) में यह फैसला लिया गया कि पुरुष टीम की चयन समिति से जुड़े सभी मामलों पर फैसला लेने का अधिकार बोर्ड के अधिकारियों के पास होगा। हालांकि, मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर बैठक में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
सीनियर पुरुष चयन समिति के चेयरमैन के रूप में अजीत अगरकर की स्थिति को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। उनका मौजूदा कार्यकाल अक्टूबर 2026 तक है, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि उनका अनुबंध बढ़ाया जाएगा या नहीं। यह भी तय नहीं है कि वह 2027 में जिम्बाब्वे, साउथ अफ्रीका और नामीबिया में होने वाले वनडे विश्व कप तक इस पद पर बने रहेंगे या नहीं।
आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में एक बार फिर निर्विरोध चुना गया है। बीसीसीआई मुख्यालय में एजीएम के बाद बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया कि बैठक सफल रही और सभी फैसले सहमति से लिए गए। उन्होंने कहा कि आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में अरुण धूमल और खैरुल जमाल मजूमदार को दोबारा चुना गया है।