क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा है कि उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर के खुलासों के बावजूद 2018 के सैंडपेपर मामले की जांच फिर से शुरू करने का कोई अहम कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि केपटाउन ड्रेसिंग रूम में मौजूद लोगों के अलग-अलग बयानों के कारण इस मामले पर वापस जाने का कोई मतलब नहीं है।
ग्रीनबर्ग ने सेन रेडियो से बात करते हुए कहा, "सीए बोर्ड की साफ राय है कि इस मामले पर वापस जाने का कोई फायदा नहीं है। इसे 2018 में पिछले नेतृत्व के तहत समाप्त किया गया था। हम अब पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहते हैं।"
सीए सीईओ ने मंगलवार सुबह कहा, "मैंने अभी तक ख्वाजा की किताब नहीं पढ़ी है, लेकिन इस बारे में मुझे फोन आया था। हमें मिली जानकारी के आधार पर जांच के नतीजे से हम खुश हैं। मुझे जांच शुरू करने या इस पर दोबारा विचार करने का कोई पक्का कारण नहीं दिखता। मुझे नहीं लगता कि इससे कुछ हासिल हो सकता है। मैंने केपटाउन ड्रेसिंग रूम के मौजूद रहे दूसरे खिलाड़ियों से बात की थी और उनका नजरिया ख्वाजा से अलग था। उनका नजरिया 2018 से लेकर अब तक एक समान रहा है। मुझसे ज्यादा कोई नहीं चाहेगा कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का यह चैप्टर बंद हो जाए, लेकिन ऐसा होने की उम्मीद कम है।"