साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा का मानना है कि अगले साल घरेलू मैदान पर आईसीसी क्रिकेट वनडे वर्ल्ड कप होने से टीम पर कोई अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा। रबाडा ने कहा कि टीम अपने घर में शानदार रिकॉर्ड को बरकरार रखते हुए वर्ल्ड कप का खिताब जीतना चाहेगी।
साउथ अफ्रीका 2027 में जिम्बाब्वे और नामीबिया के साथ मिलकर 50 ओवर के वर्ल्ड कप के 14वें संस्करण की सह मेजबानी करेगा। हाल के वर्षों में सभी फॉर्मेट में टीम के शानदार प्रदर्शन के कारण उनसे उम्मीदें भी काफी ज्यादा हैं। प्रोटियाज टीम ने 2025 में लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया को हराकर पहली बार आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का खिताब अपने नाम किया था। वहीं व्हाइट-बॉल क्रिकेट में भी साउथ अफ्रीका का प्रदर्शन पिछले कुछ समय में शानदार रहा है।
हालांकि रबाडा को नहीं लगता कि इन उपलब्धियों और घरेलू दर्शकों के सामने खेलने के दबाव का टीम पर कोई खास असर पड़ेगा। जोहान्सबर्ग में क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के वेन्यू और ब्रांड की घोषणा के कार्यक्रम में रबाडा ने आईसीसी से कहा, "मुझे लगता है कि अभी हमारे लिए इसमें और भी बहुत कुछ है। यह एक तरह से आजादी जैसा भी है। मुझे घर पर खेलने और विश्व कप को जीतने की जरूरत महसूस करने का कोई दबाव नहीं लगता।"