भारत के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए चौथे वनडे में शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज विल यंग ने कहा है कि वे वनडे विश्व कप 2027 के लिए कीवी टीम में जगह बनाने के बारे में सोचने से बच रहे हैं।
न्यूजीलैंड की टीम में सलामी बल्लेबाजों के लिए कड़ी प्रतियोगिता है। टीम में डेवन कॉनवे, रचिन रवींद्र, टिम सिफर्ट और फिन एलन हैं। ऐसे में वनडे विश्व कप में बतौर सलामी बल्लेबाज कीवी टीम में जगह बनाना मुश्किल है।
इस विषय पर चौथे वनडे में भारत के खिलाफ 125 रन की पारी खेलने वाले यंग ने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो मैं इसे उस तरह से नहीं देखने की कोशिश कर रहा हूं। मुझे लगता है कि आप सही हैं, वर्ल्ड कप आने वाला है और बहुत से लोग उस स्क्वॉड में और अफ्रीका जाने वाली उस प्लेन में होना चाहते हैं। मुझे लगता है कि इस समय हर खिलाड़ी जिसे मौका मिलता है, वह अपना बेस्ट देना चाहता है। इस टीम के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि यह सब टीम की सफलता में योगदान देने के बारे में है, न कि अपने खेल की चिंता करने और यह देखने के बारे में कि और कौन अच्छा कर रहा है।"